जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर में देशभक्ति, जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों से माहौल सराबोर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत कारागार के मुख्य द्वार पर अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों द्वारा सावधान मुद्रा में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ के गायन से हुई। इसके बाद जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने ध्वजारोहण किया।
गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित किए गए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन हुआ।

जयंती समारोह में बंदियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जेल प्रशासन की ओर से नशा उन्मूलन को लेकर विशेष गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को खेल गतिविधियों से भी जोड़ा गया। बंदियों के लिए शतरंज, कैरम, खो-खो, वॉलीबॉल और जलेबी दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। वहीं महिला बंदियों के बीच मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता ने आयोजन में रचनात्मक रंग भर दिया।समापन पर जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बंदियों को गांधी और शास्त्री के जीवन मूल्यों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इसके बाद बंदियों को फल वितरित किए गए।इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार राव, कारापाल अजय कुमार, उप कारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय और नंद किशोर सहित कारागार के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।





