जेसीबी से हटाया गया भूमि से अवैध कब्जा, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप।
जनपद (आजमगढ़) थाना क्षेत्र निजामाबाद अंतर्गत ग्राम सीधा सुल्तानपुर में खेत की भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे को प्रशासन ने जेसीबी चलाकर हटवा दिया। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार सीधा सुल्तानपुर गांव निवासी सरफराज पुत्र शब्बीर की गांव के समीप गाटा संख्या 446 में खेत की जमीन है। आरोप है कि पड़ोसी गुड्डीन पुत्र सुंदर ने करीब दस दिन पूर्व खेत में पईड़ डालकर कब्जा कर लिया था और वहां गुमटी रखकर पान आदि बेचने का काम किया जा रहा था। पीड़ित सरफराज ने मामले की शिकायत निजामाबाद थाने के साथ ही उपजिलाधिकारी आयान जैन से करते हुए अवैध कब्जा हटाने की मांग की थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने मामले की जांच कर कार्रवाई की। शनिवार को तहसीलदार राहुल सिंह, कानूनगो सुरेशचंद्र त्रिपाठी, राजस्व टीम तथा सब इंस्पेक्टर अखिलेश नारायण सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले मौके की स्थिति समझी और समझाने के बाद अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा पईड़ में आग लगाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई, लेकिन पुलिस ने समझा- बुझाकर स्थिति को शांत करा दिया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद मौके से अवैध कब्जा हटाकर भूमि को खाली करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान गुड्डीन के परिवार के लोगों द्वारा पईड़ में आग लगाने का प्रयास किए जाने की जानकारी पर पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी अथवा निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





