रसूलपुर तुंगी के तीनों मतदान बूथ एक ही विद्यालय में स्थानांतरित करने की मांग, संपूर्ण समाधान दिवस में उठेगा मामला
मार्टिनगंज (आजमगढ़)। ग्राम पंचायत रसूलपुर तुंगी के तीनों मतदान बूथों को प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर तुंगी में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। इस संबंध में संपूर्ण समाधान दिवस, तहसील मार्टिनगंज में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मतदान केंद्रों के पुनर्निर्धारण की मांग की गई है। मांग में मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत रसूलपुर तुंगी में रसूलपुर तुंगी और तुंगी नाम के दो राजस्व गांव हैं। ग्राम पंचायत में मतदाताओं की संख्या के आधार पर तीन बूथ संख्या 287, 289 और 290 निर्धारित हैं। इनमें बूथ संख्या 289 और 290 पर मतदान बगल की ग्राम पंचायत दूबरा शेखपुरा के राजस्व गांव बेलहरी हसनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कराया जाता है, जबकि बूथ संख्या 287 का मतदान प्राथमिक विद्यालय तुंगी में होता है।
बताया गया है कि प्राथमिक विद्यालय तुंगी में ग्राम पंचायत दूबरा शेखपुरा के राजस्व गांव शेखपुरा के मतदाता भी मतदान करते हैं। इसके कारण संबंधित मतदाताओं को लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय तुंगी आबादी के बीच स्थित होने के कारण मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रित करने तथा पुलिस बल और मतदान अधिकारियों-कर्मचारियों के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि ग्राम पंचायत रसूलपुर तुंगी के तीनों बूथों को प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर तुंगी में स्थानांतरित कर एक ही मतदान केंद्र बनाया जाए। आवेदक के अनुसार, यह विद्यालय दोनों राजस्व गांवों के बीच स्थित है और फतुही, पिछौरा, कोहरौली तथा कुंभ सहित कई गांवों की ओर जाने वाले पक्के मार्ग पर बना हुआ है। विद्यालय में चाहरदीवारी, पांच पक्के कमरे, बिजली, सामान्य एवं दिव्यांग शौचालय तथा पेयजल की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
आवेदक का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर तुंगी में मतदान केंद्र बनाए जाने से दोनों राजस्व गांवों के मतदाताओं को सुविधा होगी। साथ ही, पुलिस बल और मतदान कर्मियों के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण में भी सहूलियत मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत दूबरा शेखपुरा के राजस्व गांव शेखपुरा के मतदाताओं के नाम तुंगी की मतदाता सूची से हटाकर उनके संबंधित ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय बेलहरी हसनपुर में स्थानांतरित करने की मांग की गई है।





