बारात से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम!

SHARE:

सड़क हादसे में मृत सौरभ तीन भाइयों में सबसे बड़ा  जबकि इशू अपने मां-बाप का था इकलौता चिराग…..

पवई (आजमगढ़)। पवई थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर बाजार में बुधवार भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें दो नव युवकों की जान चली गई। बुधवार भोर में करीब 4:00 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सौरभ राजभर (17) पुत्र सुनील राजभर निवासी ग्राम मीरपुर प्रतापपुर थाना अखंड नगर जनपद सुलतानपुर व इशू राजभर (15) पुत्र अखिलेश राजभर निवासी ग्राम कल्याणपुर थाना सम्मनपुर जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। दोनों युवक सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र से एक बारात में शामिल होकर वापस अपने घर मीरपुर प्रतापपुर थाना अखंडनगर जनपद सुलतानपुर जा रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हुआ घटना की जानकारी मिलते ही पवई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक सौरभ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था जबकि इशू अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया व गाँव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार वालों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पवई थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के संबंध में वरिष्ठ उप निरीक्षक शिवसागर यादव ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment