जौनपुर : पुलिस पर फायरिंग करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, बदलापुर में मुठभेड़ के बाद कार्रवाई

SHARE:

ए के तिवारी (सूत्र)

जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जिसने रोकने पर पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी। यह कार्रवाई शनिवार (22 मार्च 2026) को चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से क्षेत्र में आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने नहर किनारे तिराहे के पास घेराबंदी कर दी।

कुछ समय बाद बाइक सवार संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। इसी दौरान पीछे बैठा एक युवक गिर गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। भागते समय आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग भी की।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और नहर किनारे झाड़ियों में घेरकर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।गिरफ्तार बदमाश की पहचान विशाल सिंह (निवासी मिरशादपुर, थाना बदलापुर, जौनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment