जौनपुर : ईद-होली मिलन में गूंजी एकता की आवाज, 90% सहयोग अनिवार्य—शम्स तबरेज खान का सख्त संदेश

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर, 29 मार्च 2026। संकल्प सेवा कल्याण टीम (SSWT) उत्तर प्रदेश द्वारा ईद एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन होटल रिवरव्यू के सभागार में किया गया, जिसमें प्रदेश, जनपद एवं विकास खंड स्तर के सैकड़ों पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभाग किया। कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की झलक साफ देखने को मिली, जहां सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ एक-दूसरे को बधाइयां दीं।

(शम्स तबरेज खान) : फाइल फोटो

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक शम्स तबरेज खान ने स्पष्ट और सख्त संदेश देते हुए कहा कि संकल्प सेवा कल्याण टीम की किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रत्येक सदस्य को 90 प्रतिशत अवसरों पर सहयोग करना अनिवार्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस नियम का पालन न करने वाले सदस्यों की वैधानिकता समाप्त कर दी जाएगी, जिससे वे किसी भी प्रकार के आर्थिक सहयोग के पात्र नहीं रहेंगे। उनके इस बयान को कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने गंभीरता से लिया और समर्थन भी किया।

संस्था के संस्थापक दिनेश कुमार यादव ने बताया कि टीम की स्थापना 12 जनवरी 2026 को समाज के हर वर्ग—किसान, मजदूर, व्यापारी एवं आमजन—की सहायता के उद्देश्य से की गई है। संस्था द्वारा बेटी विवाह में पांच लाख रुपये तक तथा आकस्मिक निधन पर पचास लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने की योजना संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम में सह-संस्थापक रईस खान ने सदस्यता से जुड़े नियमों में संशोधन का प्रस्ताव रखते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 तक जुड़ने वाले सदस्यों के लिए लॉकिंग पीरियड समाप्त किया जा सकता है, जबकि 1 अप्रैल 2026 के बाद नए सदस्यों के लिए इसे नौ माह निर्धारित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों ने भी पारदर्शिता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और सामाजिक कार्यों को मजबूती देने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया और संस्था को मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन रईस खान तथा अध्यक्षता दिनेश कुमार यादव ने की।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment