AGTA भर्ती में आरक्षण विसंगतियों का आरोप, छात्रों ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

SHARE:

*AGTA भर्ती में आरक्षण विसंगतियों का आरोप, छात्रों ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन*
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा कृषि विभाग में ‘कृषि प्राविधिक सहायक’ (AGTA) ग्रुप-सी के 2759 पदों पर निकाली गई भर्ती में आरक्षण के नियमों की अनदेखी का आरोप लगा है। समाजवादी छात्र सभा के जिला महासचिव गोलू यादव के नेतृत्व में छात्रों ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक प्रार्थना पत्र प्रेषित कर इस विसंगति को दूर करने की मांग की है।

आरक्षित वर्गों के पदों का आवंटन उत्तर प्रदेश की प्रचलित आरक्षण नियमावली और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुकूल नहीं है। छात्रों का दावा है कि:
SC वर्ग: 21% आरक्षण के अनुसार 579 सीटें होनी चाहिए, जबकि विज्ञापन में मात्र 213 सीटें दी गई हैं।
ST वर्ग: 2% के अनुसार 55 सीटें होनी चाहिए, जबकि केवल 06 सीटें आवंटित की गई हैं।
OBC वर्ग: 27% के अनुसार 755 सीटें होनी चाहिए, लेकिन मात्र 573 सीटें ही दी गई हैं।

छात्र नेता गोलू यादव ने कहा कि आरक्षित सीटों में इस भारी कटौती से प्रदेश के हजारों पात्र और मेधावी छात्र अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से इस प्रकरण का संज्ञान लेने और आयोग को निर्देशित करने की अपील की है ताकि बैकलॉग एवं वर्तमान पदों की गणना पुनः कर सीटों में संशोधन किया जा सके।

इस अवसर पर संतोष यादव, बृजेश मौर्या, ऋषभ चौहान, अभिषेक श्रीवास्तव, सौरभ शर्मा, अनुप यादव, गौरव गुप्ता, रौशन यादव, सोम्य कुमार, विशाल कुमार सहित दर्जनों छात्र उपस्थित रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment