संवाद सूत्र
गौतमबुद्ध नगर | 12 अप्रैल 2026
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चल रहे भ्रमण कार्यक्रम के क्रम में रविवार को संकल्प सेवा कल्याण टीम (SSWT) उत्तर प्रदेश द्वारा गौतमबुद्ध नगर में एक महत्वपूर्ण सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक शम्स तबरेज़ खान, प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रदीप यादव एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और जिला संगठन के नव मनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
संस्था के संस्थापक शम्स तबरेज़ खान ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—जैसे बेटी विवाह योजना, असामयिक निधन सहायता आदि—में 90 प्रतिशत अवसरों पर सहयोग करना प्रत्येक सदस्य के लिए अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर सदस्य की वैधानिकता प्रभावित होगी और वह किसी भी प्रकार के सहयोग के लिए अपात्र हो जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनः वैधानिक सदस्य बनने के लिए सदस्यों को 90 प्रतिशत सहयोग सुनिश्चित करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने बताया कि जिन बेटियों के माता-पिता 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं, उनके मामले में बेटी का जैविक भाई सदस्य बनकर सहयोग प्राप्त कर सकता है। यदि भाई नहीं है तो बेटी स्वयं सदस्य बनकर निर्धारित लॉकिंग पीरियड पूरा कर सहयोग प्राप्त कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सदस्य केवल अपनी एक बहन या एक बेटी के विवाह में ही सहायता प्राप्त कर सकेगा।
प्रदेश महामंत्री प्रदीप यादव ने जानकारी दी कि बेटी विवाह योजना के अंतर्गत सहायता के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने पर सहायता राशि वापस करनी होगी तथा विवाद की स्थिति में प्रदेश कोर टीम एवं संस्थापक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रस्ट को दिए जाने वाले 50 रुपये के वार्षिक दान का उपयोग वेबसाइट एवं ऐप संचालन, कार्यालय व्यय, हेल्पलाइन स्टाफ के मानदेय, सत्यापन प्रक्रिया तथा संगठन के प्रचार-प्रसार में किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष रेशमपाल सिंह ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संकल्प सेवा कल्याण टीम बिना किसी व्यवसायिक उद्देश्य के आर्थिक सहयोग प्रदान करती है। सदस्यता के लिए उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना आवश्यक है, हालांकि अन्य राज्यों या देशों में कार्यरत निवासी भी सदस्य बन सकते हैं। सदस्यता की आयु सीमा 18 से 60 वर्ष निर्धारित है, जबकि 62 वर्ष की आयु तक सदस्यता मान्य रहेगी।

नव नियुक्त पदाधिकारी:
रेशमपाल सिंह – जिला अध्यक्ष
राज शेखर – जिला कार्यवाहक अध्यक्ष
सरफराज अहमद खान – जिला उपाध्यक्ष
सुनील कुमार सिंह – जिला महामंत्री
मोहम्मद जाकिर – जिला संगठन मंत्री
विनोद कुमार – जिला कोषाध्यक्ष
हरिकिशन चौहान – जिला आईटी सेल प्रभारी
नव नियुक्त सभी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता संस्थापक शम्स तबरेज़ खान ने की। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से सैकड़ों पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।







