

प्रधानाध्यापक अनिल सरोज के सम्मान में भव्य विदाई समारोह आयोजित
संवाददाता आकाश अस्थाना
ठेकमा।प्राथमिक विद्यालय पसिका के लोकप्रिय प्रधानाध्यापक अनिल सरोज के सेवानिवृत्ति उपरांत सम्मान में सागर पैलेस, ठेकमा में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता से ओतप्रोत रहा, जिसमें शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लालगंज विधायक बेचई सरोज रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रधान अरविंद सरोज उपस्थित रहे। अतिथियों ने अनिल सरोज के लंबे शैक्षिक जीवन, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि अनिल सरोज ने अपने कार्यकाल में विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को नई दिशा दी। उन्होंने बच्चों में अनुशासन, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी सरलता, सौम्यता एवं सहयोगात्मक व्यवहार सदैव शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की। इस दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले, जब सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए यादगार अनुभव साझा किए।
अपने संबोधन में अनिल सरोज ने विद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रही है और विद्यालय परिवार से मिला प्रेम एवं सम्मान सदैव स्मरणीय रहेगा।इस अवसर पर नवनीत यादव ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भर हैं और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।कार्यक्रम का संचालन नंदलाल मौर्य एवं रामकुमार यादव ने प्रभावशाली एवं गरिमामय ढंग से किया। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
समारोह में नवनीत यादव, संतोष यादव, ओमप्रकाश यादव, मनीष गुप्ता, राजेश सरोज, मुन्नीलाल, सुरेन्द्र बहादुर, गुलाब प्रसाद, हरिप्रकाश, विजयकृष्ण यादव, सुभाष सरोज सहित पूरे ब्लॉक के शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





