सीएचसी स्थानांतरण को लेकर हंगामा, सम्पूर्ण समाधान दिवस में उठा मामला

SHARE:

*सीएचसी स्थानांतरण को लेकर हंगामा, सम्पूर्ण समाधान दिवस में उठा मामला*

संवाददाता मार्टिनगंज आजमगढ़

मार्टिनगंज, आजमगढ़। विकासखंड मार्टिनगंज परिसर के समीप संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं स्थानांतरित कर करीब दो किलोमीटर दूर नवस्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से शुरू किए जाने को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पत्र देकर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई।ग्रामीणों का आरोप है कि 2 जून से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पूर्ण निर्माण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना ही संचालित कर दिया गया है। आरोप है कि केंद्र पर पर्याप्त दवाएं, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब प्रेशर कुकर से झुलसी एक युवती को परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां आवश्यक सुविधाओं के अभाव में समुचित उपचार नहीं मिल सका, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
भाजपा पदाधिकारियों ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर अधूरी तैयारियों के साथ अस्पताल संचालन शुरू कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार गौतम एवं नायब तहसीलदार अरुण कुमार कौल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में शेष कार्यों को दो दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
इस दौरान भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, रिंकल तथा ग्राम प्रधान बृजेश पाठक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। एसडीयम अविनाश कुमार गौतम मार्टिनगंज ने बताया कि जब एक जगह से दूसरे जगह सुविधाये जाती हैं तो थोड़ा दिक्कतें आती हैं डॉक्टर लोग उपलब्ध थे कोई कुकर से जलकर भादव गांव से बच्ची आई थी उसका इलाज किया गया और आगे हार्ट सेंटर के लिए भेज दिया गया दवाएं दी गई कुछ कमियां थी वह अभी जल्दी दूर हो जाएंगे क्योंकि जल्द ही अस्पताल शिफ्ट हुआ है।

Leave a Comment