पीड़ित परिवार से मिलकर महिला आयोग की सदस्य ने दिया न्याय का भरोसा

SHARE:

पीड़ित परिवार से मिलकर महिला आयोग की सदस्य ने दिया न्याय का भरोसा

आजमगढ़, 14 जून 2026/
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने थाना कप्तानगंज क्षेत्र के ग्राम जेहरा पिपरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे किसी प्रकार की चिंता न करें, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान डॉ. प्रियंका मौर्या ने थाना प्रभारी कप्तानगंज को अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने अवगत कराया कि मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा एक अन्य अभियुक्त की लोकेशन प्राप्त हो गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
माननीय सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा पात्रता के अनुसार रानी लक्ष्मीबाई योजना से भी जोड़ा जाए।

*सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, पीड़िताओं को आत्मनिर्भर बनने की दी प्रेरणा*

पीड़ित परिवार से मुलाकात के उपरांत राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित मिलीं।

निरीक्षण के समय शेल्टर होम में 16 पीड़िताएं आवासित पाई गईं। मा0 सदस्या ने सभी पीड़िताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीड़िताओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, अपने कौशल का विकास करने तथा आत्मनिर्भर बनकर समाज में सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीड़िताओं के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment