

सर्राफा कारोबारी ने मारपीट व धमकी का लगाया आरोप, कोतवाली में दी तहरीर
लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बा निवासी सर्राफा कारोबारी शिवसागर बरनवाल पुत्र स्वर्गीय दशरथ प्रसाद बरनवाल ने कुछ लोगों पर दुकान में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:48 बजे वह अपने पुत्र अपूर्व बरनवाल तथा ग्राहकों के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान सोनू सोनकर पुत्र राजेंद्र सोनकर उर्फ लंगड़ा सोनकर, निवासी वार्ड नंबर-2, लोहिया नगर, मेन चौक, लालगंज अपने दो-तीन साथियों के साथ दुकान में घुस आया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपितों ने अपूर्व बरनवाल के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपित फर्जी एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर फंसाने की धमकी भी देकर चले गए। घटना से परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने देवगांव कोतवाली पहुंचकर तहरीर देते हुए परिवार की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।





