

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन से 28 लाख रुपये बरामद
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता मेल एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों के पास से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए। नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सूचना आयकर विभाग को दी गई, जिसके बाद पूरी रकम और दोनों संदिग्धों को आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को जीआरपी डीडीयू प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अनीता कुमारी तथा आरपीएफ सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव, आईएसआई सतीश कुमार सिंह, हे. कस्टबल विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरपीएफ यार्ड पोस्ट निरीक्षक पंकज कुमार ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 41 और 43 पर बैठे दो यात्री एक पिट्ठ बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ट्रेन में पहुंचकर दोनों यात्रियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों यात्री नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। पकड़े गए दोनों संदिग्धों की पहचान राहुल सोनी (38 वर्ष) निवासी दामोहनाका, कोतवाली, जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष) निवासी हनुमानताल, जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जीआरपी ने मामले की सूचना तत्काल आयकर विभाग वाराणसी को दी। इसके बाद आयकर विभाग की टीम जीआरपी थाने पहुंची और बरामद 28 लाख रुपये, बैग तथा दोनों संदिग्धों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए अपने सुपुर्द ले लिया। अब आयकर विभाग नकदी के स्रोत और उसके परिवहन की वैधता की जांच कर रहा है।





