

NH-128 पर हटा मिट्टी का मलबा, अब जल निकासी दुरुस्त करने की मांग
बरदह (आजमगढ़)। बरदह बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-128 (प्रयागराज-गोरखपुर मार्ग) के किनारे दुकानों के सामने जमा मिट्टी और कूड़े के ढेर हटाने का कार्य शुरू हो गया है। हाल ही में प्रकाशित समाचार के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई शुरू होने पर बाजारवासियों ने संतोष जताया है, लेकिन उनका कहना है कि समस्या का अभी पूर्ण समाधान नहीं हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे बनी नालियों में जल निकासी अब भी बाधित है। सड़क का पानी नालियों तक पहुंचाने के लिए लगाए गए छोटे-छोटे पाइप मिट्टी और कचरे से पूरी तरह जाम हैं, जिससे बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इसके अलावा नालियों का अंतिम निकास भी बंद होने से पानी आगे नहीं बह पाता, जिससे जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
व्यापारियों का कहना है कि केवल मिट्टी का मलबा हटाने से समस्या समाप्त नहीं होगी। जब तक नालियों के जाम पाइपों की सफाई, पूरी नालियों की नियमित सफाई और अंतिम निकास को खोला नहीं जाएगा, तब तक हर बारिश में जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहेगा।
इस संबंध में एनएच-128 रोड विभाग के ठेकेदार अजीत कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से सफाई का कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को भी सुचारु कराया जाएगा।
मांग करने वालों में राममिलन, रामचरण, रमाशंकर, नंदलाल, संदीप, पंचम, हरिप्रसाद यादव, शिवप्रसाद प्रजापति, विनोद शुक्ला, मुरारी राय, विजेंद्र गुप्ता, बबलू राय, टोंकू पंडित, शुभम ज्वेलर्स, राकेश मोदी, रिंकू मोदी, राकेश विश्वकर्मा, डब्बू विश्वकर्मा तथा पप्पू मेडिकल हॉल सहित अनेक व्यापारियों ने कहा कि नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था होने पर ही बरदह बाजार को जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।





