जनपद आजमगढ़ में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका DCHB के अंतर्गत ग्राम एवं नगर निर्देशिका संबंधी प्रशिक्षण संपन्न

SHARE:

आजमगढ़ 29 जुलाई 2026/आज जनपद आजमगढ़ में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के अंतर्गत ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका की अनुसूचियों को भरने हेतु आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

प्रशिक्षण में जनपद की सभी आठों तहसीलों से ग्राम निर्देशिका कार्य हेतु नामित लेखपालों तथा सभी 16 नगर निकायों से नगर निर्देशिका कार्य हेतु नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों को संबंधित अनुसूचियों के सही एवं गुणवत्तापूर्ण संकलन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आजमगढ़ श्री गंभीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी नई प्रक्रिया एवं विषयवस्तु को समझने और सीखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए सभी प्रतिभागी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं शुद्धता के साथ करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन अपर जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़े प्रत्येक कार्य में जनपद आजमगढ़ को उत्कृष्ट स्थान दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आंकड़ों के संकलन के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने पाए तथा प्रत्येक प्रविष्टि की गुणवत्ता, शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए, क्योंकि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई