रिपोर्ट मंजू शर्मा
पीड़ित परिवार को सहायता राशि प्रदान करती हुई गंभीरपुर पुलिस
बिंद्राबाज़ार आजमगढ़।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले थाना में तैनात चौकीदार स्वर्गीय राम नगीना के परिवार की सहायता के लिए गंभीरपुर पुलिस आगे आई है। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने आपस में सहयोग राशि एकत्र कर मृतक के परिजनों को ₹22 हजार 500 की आर्थिक मदद प्रदान की।
ज्ञात हो कि पांच अगस्त की शाम करीब पांच बजे हुए सड़क हादसे में सद्दोपट्टी निवासी एवं गंभीरपुर थाने में कार्यरत चौकीदार राम नगीना की पिकअप वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने पुलिसकर्मियों के साथ घर जाकर परिवार के साथ शोक व्यक्त किया। इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की सहायता के उद्देश्य से थाना परिसर के पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र की। संकलित ₹22हजार 500 की नकद सहायता मृतक के परिजनों को सौंपते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि विभागीय एवं शासन स्तर से मिलने वाली सहायता दिलाने का भी पूरा प्रयास किया जाएगा।गंभीरपुर पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कठिन समय में पीड़ित परिवार के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता को पुलिस का सराहनीय कदम बताया।इस मौक़े पर उप निरीक्षक योगेश सरोज,हेड कांस्टेबल शाहिद कमल समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।





