बारा नेशनल हाईवे पर सरकारी रोडवेज का संचालन न होने से यात्रियों को हो रही परेशानी।
जिला संवाददाता महेशानंद श्रीवास्तव।
गाजीपुर।बारा नेशनल हाइवे 124सी पर सरकारी रोडवेज बसों का संचालन ठप हो गया है। बारा से जिला मुख्यालय गाजीपुर जाने वाली बसें बारा, गहमर, भदौरा, रेवतीपुर और सुहवल रूटों पर नहीं चल रही हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इन रूटों पर एक भी रोडवेज बस उपलब्ध नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हैदर खान गाजी ने बताया कि लगभग 20 दिनों से रोडवेज बस का संचालन बंद है। इस कारण स्कूली छात्र, मरीज, कर्मचारी और दैनिक यात्री निजी वाहनों पर निर्भर होने को मजबूर हैं। निजी वाहन संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।यहां के निवासी रोजाना बड़ी संख्या में शिक्षा, इलाज और कामकाज के लिए बारां, गहमर और भदौरा से गाजीपुर जाते हैं। बस सेवा बाधित होने से स्थानीय बाजार और सरकारी कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।
नागरिकों ने इस समस्या से स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया था। हालांकि, अब तक रोडवेज बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने के बावजूद प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों सुधीर सिंह गहमरी, शब्बू खान , शाहनवाज खान और ओमकार यादव सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और 4रोडवेज विभाग से मांग की है कि बारा,गहमर,भदौरा और गाजीपुर के लिए तुरंत नियमित बस सेवा बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।





