
नई दिल्ली (आजमगढ़ न्यूज)। जनगणना-2027 को लेकर केंद्र सरकार ने सवालों की सूची जारी कर दी है। इस बार जनगणना का फॉर्म पहले की तुलना में ज्यादा व्यापक होगा और इसमें कुल 40 सवाल शामिल किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव जाति से जुड़ी जानकारी को लेकर है।जनगणना-2027 में लोगों से SC, ST के साथ जाति से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी। आजादी के बाद यह पहली बार होगा जब सामान्य जनगणना के जरिए देश के सभी समुदायों की जातिगत जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था की जा रही है।

जाति पर बड़ा बदलाव, सवाल नंबर 10 पर
2011 की जनगणना में कुल 29 सवाल थे। उस समय जाति संबंधी जानकारी के लिए मुख्य रूप से SC/ST की श्रेणी दर्ज की जाती थी। अब 2027 की जनगणना में जाति से जुड़ा सवाल अलग तरीके से शामिल किया गया है। सूची में यह सवाल नंबर 10 पर है और इसमें SC/ST के साथ जाति की जानकारी भी मांगी जाएगी।

कोविड वैक्सीन से जुड़ा सवाल भी शामिल
इस बार जनगणना सिर्फ आबादी और सामाजिक संरचना तक सीमित नहीं रहने वाली है। फॉर्म में लोगों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्होंने कोविड-19 वैक्सीन कहां लगवाई थी। इससे कोरोना टीकाकरण से जुड़े आंकड़ों को भी जनगणना के व्यापक डेटा से जोड़ने की कोशिश दिखाई देती है।

मोबाइल, आधार और बैंक खाते की जानकारी भी
जनगणना-2027 के सवालों में लोगों की पहचान और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी शामिल है। इसमें मोबाइल नंबर, आधार, वोटर ID और बैंक अकाउंट से संबंधित सवाल पूछे जाने की बात सामने आई है।इस तरह 2027 की जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक संरचना, जातिगत स्थिति, पहचान दस्तावेजों और डिजिटल पहुंच से जुड़े आंकड़ों का बड़ा डेटाबेस तैयार कर सकती है।
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि जातिगत आंकड़े सामने आने के बाद देश की सामाजिक और राजनीतिक तस्वीर पर इसका कितना असर पड़ेगा।
ध्यान दे : कोई भी खबर बिना संबंधित विभाग/अधिकारी/कर्मचारी अथवा दो तीन राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों से वेरिफाई करने के बाद ही विश्वास /पुष्टि करें। धन्यवाद





