जौनपुर : पीयू में गूंजा नेताजी का जयघोष, पुण्यतिथि पर युवाओं ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

SHARE:

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मंगलवार, 18 अगस्त को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने नेताजी के आदर्शों को याद करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

 

रोवर्स-रेंजर्स परिसर में स्थित नेताजी की प्रतिमा पर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन, साहसिक नेतृत्व और देशभक्ति को स्मरण करते हुए कहा कि सुभाष चंद्र बोस का जीवन आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का मजबूत स्रोत है।

डॉ. यादव ने कहा कि नेताजी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में अपने असाधारण साहस और प्रभावशाली नेतृत्व से देशवासियों में आजादी की लौ को और प्रखर किया। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण का उदाहरण है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उत्कर्ष सिंह, आर्यन, संतोष और मुन्ना रावत समेत एनएसएस के स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज और राष्ट्र के हित में जिम्मेदारी के साथ योगदान देने का संकल्प दोहराया।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment