जौनपुर : मड़ियाहूं नवोदय विद्यालय में DM का अचानक धावा, छात्राओं की सुरक्षा पर सख्ती—दीवार ऊंची करने के साथ लगेंगे कंटीले तार

SHARE:

जौनपुर। जिलाधिकारी ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, मड़ियाहूं का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की और पढ़ाई, भोजन, पानी तथा छात्रावास समेत अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पुरुष छात्रावास में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। वहीं आवासीय भवनों की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था आरईएस को आवश्यक एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया। छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। महिला छात्रावास की चहारदीवारी को ऊंचा करने और उसके ऊपर कंटीले तार लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके।

विद्यालय में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता निरीक्षण के दौरान संतोषजनक मिली। जिलाधिकारी ने परिसर की स्वच्छता को प्राथमिकता देने के साथ झाड़ियों की नियमित कटाई-छंटाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में मौजूद मल्टीपरपज हॉल को नियमित रूप से क्रियाशील रखने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित, सुरक्षित और बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण का संदेश साफ रहा कि, नवोदय विद्यालय में पढ़ाई के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment