शहाबगंज, चंदौली : सीने में लगी गोली, ट्रॉमा सेंटर में टूटी जिंदगी की डोर: प्रधान पुत्र उत्कर्ष की मौत से गांव में मातम

SHARE:

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में ग्राम प्रधान के पुत्र उत्कर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि उत्कर्ष के सीने के बाईं ओर गोली लगी थी। गोली लगने के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसकी जान बचाने का प्रयास किया। हालांकि, हालत बेहद गंभीर होने के कारण उत्कर्ष ने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंचने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे दर्दनाक तस्वीर परिवार में पीछे छूट गए मासूम बच्चों की है। उत्कर्ष अपने पीछे 28 वर्षीय पत्नी छाया सिंह, छह वर्षीय बेटी देवकी सिंह और डेढ़ वर्षीय बेटे राम को छोड़ गए हैं।

आखिर उत्कर्ष को गोली कैसे लगी और इसके पीछे क्या वजह थी? घटना को लेकर यही सवाल अब सबसे बड़ा बना हुआ है। प्रारंभिक तौर पर घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन गोली लगने की परिस्थितियों और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाने के साथ पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि गोली किन परिस्थितियों में चली और उत्कर्ष की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment