मण्डलीय कानून व्यवस्था की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

SHARE:

मण्डलीय कानून व्यवस्था की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने की समीक्षा

बाढ़ के दृष्टिगत बचाव व राहत कार्य सहित राशन किट वितरण करें सुनिश्चित- मण्डलायुक्त

मण्डल के सभी पेट्रोल पम्प संचालक नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान का करें प्रभावी क्रियान्वयन- आयुक्त विवेक

 

आगामी सभी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक कर प्रकाश मंे आए जन समस्याओं का तत्काल करायें समाधान- मण्डलायुक्त

 

आजमगढ़ 25 सितम्बर 2026/मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में कानून व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

 

 

मण्डलायुक्त व डीआईजी ने मण्डल के तीनों जनपदों में बाढ़ के दृष्टिगत बचाव व राहत कार्याें की जानकारी लेते हुए सभी प्रभावितों को निःशुल्क राशन किट वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विगत 2-3 दिनों से हो रही लगातार बारिश के दृष्टिगत बाढ़ के जल स्तर पर प्रभावी निगरानी रखते हुए सतर्कता कार्याें पर जोर दिया। आगामी गांधी जयंती, शारदीय नवरात्रि, दशहरा, महाराजा अग्रसेन जयंती, वाल्मीकि जयंती, सरदार पटेल जयंती, दीपावली, छठ पर्व आदि त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सभी थाने, तहसील व जनपद मुख्यालय स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कराने का निर्देश दिया। पीस कमेटी में सम्भ्रान्त नागरिकों व आयोजकों द्वारा उठाये गये जनमानस की समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया जाए।

 

तीनों जनपद में पुलिस विभाग से संबंधित लम्बित विवेचनाओं को मण्डलायुक्त ने निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मण्डल में प्रमुख अपराध, महिला अपराध, अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न संबंधी अपराध आदि अपराध के बिन्दुओं पर प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया।

 

मण्डलायुक्त ने मण्डल के तीनों जनपदों में ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के अन्तर्गत आवश्यक कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होने सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को जनहित में सख्त निर्देशित किया कि नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान को सफल बनाने के क्रम में बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चालकों को ईंधन न दें। इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अवैध परिवहन वाहनों पर मण्डलायुक्त ने सख्त निर्देश दिया कि मण्डल में बिना परमिट के वाहन नहीं चलने चाहिए। मण्डल के तीनों जनपदों में अवशेष स्कूली बसों को संबंधित प्रबन्धक, परिवहन विभाग से फिटनेस कराना सुनिश्चित करें, नहीं तो सख्त कार्यवाही की जायेगी। परिवहन विभाग द्वारा प्रवर्तन की कार्यवाही को और प्रभावी बनाया जाए।

 

मण्डलीय कानून व्यवस्था की बैठक में मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल में संचालित अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के ऊपर गुण्डा एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही की जाए। पुलिस की विशेष इकाईयों आईबी, एलआईयू, आर्थिक अपराध, एसआईटी आदि के कार्याें की भी समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्यवाही पर बल दिया गया।

 

विगत माह में बलिया में बाढ़ की स्थिति व प्रभावितों को मुआवजा देने आये मा0 मुख्यमंत्री एवं आजमगढ़ में मुख्यमंत्री व द्वय उप मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराने पर मण्डलायुक्त व डीआईजी ने दोनो जनपदों के जिला व पुलिस प्रशासन की प्रशन्सा किया। हाल में शम्भुपुर अहरौला हत्याकांड मंे पुलिस द्वारा साहसिक कार्य व सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचाने एवं उनके सुरक्षित भविष्य हेतु एसएसपी व पुलिस विभाग द्वारा किये गये आर्थिक सहायता कार्य की मण्डलायुक्त व डीआईजी ने सराहना किया।

 

शासन के निर्देशानुसार अब मण्डलायुक्त व डीआईजी मण्डल के सभी थानो व तहसीलों के जनता दर्शन में ऑनलाइन जुड़कर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। मण्डलायुक्त व डीआईजी ने निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस व थाना दिवस में आए राजस्व की शिकायतों के समाधान हेतु पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार सहमति पूर्वक समाधान सुनिश्चित करायें।

 

बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया ज्ञानेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़, बलिया, मऊ, अपर आयुक्त प्रशासन प्रमोद पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी मऊ सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई