जौनपुर : पूर्वांचल युवा महोत्सव 2026 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, कलाकारों के चयन के लिए ऑडिशन शुरू

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर। पूर्वांचल के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने वाले पूर्वांचल युवा महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों के चयन के लिए सोमवार को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान स्थित सभागार में ऑडिशन प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इसमें विभिन्न विधाओं के कलाकारों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल युवा महोत्सव के संरक्षक एवं टीडी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. समर बहादुर सिंह, संरक्षक प्रो. अजय कुमार दुबे तथा बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया।

इस अवसर पर प्रो. समर बहादुर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा सामने लाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं से महोत्सव में सहभागिता करने का आह्वान किया।

ऑडिशन के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। इनमें संजय सिंह, रेखा सिंह, निशांत सिंह भोलू, राखी सिंह, किरण सिंह, दिव्या सिंह, लक्ष्मी, मयंक, विक्रांत राय, बच्चा सिंह और महेंद्र मौर्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

महोत्सव के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल युवा महोत्सव का आयोजन आगामी **17, 18 एवं 19 नवंबर 2026** को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में किया जाएगा। इसमें जौनपुर के साथ-साथ पूर्वांचल और प्रदेश के विभिन्न जनपदों के नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कलाकारों के चयन के लिए **3, 4 एवं 5 नवंबर** को ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक कलाकार प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान स्थित सभागार में पहुंचकर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। महोत्सव में सहभागिता के लिए निर्धारित समय पर ऑडिशन में पहुंचना आवश्यक है।

महोत्सव की महामंत्री निवेदिता राय ने बताया कि यह आयोजन केवल जौनपुर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के उभरते कलाकारों के लिए एक साझा मंच है। इसमें नृत्य, गायन, वादन, मेहंदी प्रतियोगिता, क्राफ्ट, मिमिक्री और कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा दुबे ने किया, जबकि अंत में उपेंद्र कुमार मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। ऑडिशन की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई