पूविवि जौनपुर: वीका सॉफ्टवेयर से मशीन लर्निंग की बारीकियां सीख रहे विद्यार्थी, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एआई-एमएल सीरीज का छठवां व्याख्यान संपन्न

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के क्षेत्र में विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाने की दिशा में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में संचालित विशेष व्याख्यान श्रृंखला का छठवां सत्र आयोजित किया गया। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 88 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर मशीन लर्निंग की तकनीकी बारीकियों को समझा।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित इस व्याख्यान का विषय “आंकड़ों के समूह से मशीन लर्निंग तक : वीका सॉफ्टवेयर के माध्यम से” रहा। मुख्य विशेषज्ञ डॉ. अनुश्री अग्रवाल ने वीका (WEKA) सॉफ्टवेयर के जरिए डेटा विश्लेषण और मशीन लर्निंग मॉडल तैयार करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि मशीन लर्निंग में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए डेटा का सही चयन, उसका विश्लेषण, ग्राफिकल प्रस्तुतीकरण, डेटा की सफाई और पूर्व-प्रसंस्करण कितना महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उपयुक्त एल्गोरिदम का चयन कर मॉडल तैयार करने, उसे प्रशिक्षित करने और परीक्षण के माध्यम से उसकी क्षमता परखने की तकनीकी जानकारी भी दी गई।

व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए विशेषज्ञ ने स्पष्ट किया कि किसी मशीन लर्निंग मॉडल की सफलता केवल उसकी सटीकता तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसके प्रदर्शन और उपयोगिता का सही मूल्यांकन तथा प्राप्त परिणामों की व्याख्या भी उतनी ही जरूरी है।

इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को एआई एवं मशीन लर्निंग की सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक प्रयोगों से जोड़ने और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजन समिति के सदस्य दिलीप कुमार यादव, अशोक कुमार यादव एवं कृष्ण कुमार यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. संतोष कुमार यादव, पुर्नेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार पाण्डेय, दीप्ति पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई