उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, व्रती महिलाओं ने किया व्रत का पारण।
लालगंज (आजमगढ़) सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हो गया। व्रती महिलाओं ने उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजन किया और इसके बाद व्रत का पारण किया। सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही दिनेश नाथ मंदिर स्थित घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाट तक जाने वाले मार्गों पर भी चहल- पहल बनी रही। नगर क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी छठ महापर्व पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहादुरपुर, श्रीकांतपुर, बालीपुर, देवगांव, सिकरौरा सहित सैकड़ों गांवों में तालाबों, सरोवरों और गंगा घाटों पर व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ पूजन सामग्री, सूप, ठेकुआ और फल लेकर पहुंचीं। सूर्योदय होते ही व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया से संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों पर जलते दीपों की टिमटिमाती रोशनी से पूरा वातावरण जगमगा उठा। इस दौरान छठी मैया के जयकारों से घाट गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। उल्लेखनीय है कि इस महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में व्रती महिलाओं ने पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ धार्मिक परंपराओं का पालन किया। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी गई। देवगांव स्थित मेकअप स्टूडियो एकेडमी की सेजल राय भी व्यवस्थाओं का जायजा लेती नजर आईं।




