November 15, 2026

हनुमानगढ़ी और घमिरिया शिव मंदिर पोखरे पर उमड़ी व्रती महिलाओं की भीड़, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य,परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना। लालगंज (आजमगढ़) लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार की शाम नगर पंचायत कटघर लालगंज के हनुमानगढ़ी स्थित पोखरे तथा घमिरिया शिव मंदिर पोखरे पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को विधि- विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान दोनों पोखरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल रहा। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर छठी मैया की पूजा- अर्चना की। शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए फल, फूल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ सहित पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर पूजा स्थलों पर पहुंचीं। सूर्यास्त के समय पोखरे में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। नगर क्षेत्र के साथ ही कैथी शंकरपुर, मसीरपुर, रेतवा, चंद्रभानपुर और चिरकिहिट सहित आसपास के गांवों में भी छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक बेचई सरोज, चेयरमैन प्रतिनिधि शरद यादव, विपिन साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं घाटों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लालगंज चौकी प्रभारी रविंद्र नाथ पांडेय, एस,आई, हरिश्चंद्र यादव, कांस्टेबल कमल चौरसिया तथा पीएसी बल के जवान मुस्तैद रहे। उल्लेखनीय है कि छठ पर्व प्रकृति और सूर्य देव के प्रति आभार प्रकट करने का महापर्व है। चार दिवसीय इस पर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण करेंगी। इसी के साथ छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।