अतरौलिया गोली कांड में दूल्हे को बचाने में गईं सास की जान….
आजमगढ़। अतरौलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के नाऊपुर गांव में रविवार को सुबह लगभग 11:30 बजे दामाद को बचाने आई महिला रमावती देवी की गोली लगने से जहां जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई तो वही आज पोस्टमार्टम के बाद मृत महिला का अंतिम संस्कार भी पुलिस की देखरेख में संपन्न हो गया। हालांकि किसकी गोली से रमावती देवी की मृत्यु हुई यह मामला उलझ गया है कारण यह था कि पुलिस ने महिला को गोली लगने के संदर्भ में जब महिला के पति रामबली राजभर से सख्ती से पूछताछ की तो रामबली ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद विश्वकेतु उर्फ सुजीत सिंह उनके पिता भगवान सिंह तथा गांव के ही चुन्नू सिंह उर्फ अवधेश कुमार सिंह तथा संजीव पांडे में से किसी ने गोली चलाई । गोली किसने चलाई वह देख नहीं सके ।
अब मृतका के पति के बयान के मामले को लेकर पुलिस भी उलझ गई ,हालांकि कल ही मृतक महिला के पति रामबली राजभर की तहरीर पर पुलिस ने उसके दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया तथा एक अभियुक्त भगवान सिंह की गिरफ्तारी भी कर ली, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 2 टीमें काम कर रही हैं। इस प्रकार की घटना होने से क्षेत्र में इस गांव की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई क्योंकि इस गांव का विवादों से पुराना नाता रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2004 में भी इस गांव में दो हत्याएं हुई थी जिसमें चुन्नू सिंह उर्फ अवधेश सिंह तथा भगवान सिंह दोनों लोग आरोपी रहे हैं। कुछ साल पहले दोनों लोग जेल से छूटकर घर आए थे हालांकि अब भगवान सिंह के परिवार तथा चुन्नू उर्फ अवधेश सिंह के परिवार के बीच में संबंध ठीक नहीं है। मृत महिला का दामाद संजीव पांडे अक्सर अवधेश सिंह उर्फ चुन्नू के साथ ही रहा करता था जिसको लेकर भगवान सिंह के परिवार से उसकी नाराजगी रहती थी, इन दोनों परिवारों के बीच में पिछले दिनों में ही कई बार वाद विवाद हुआ था। हालांकि इस प्रकार की घटना से पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है । सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है । थानाध्यक्ष अतरौलिया अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है एक गिरफ्तारी हुई है एवं अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।



