जौनपुर : परीक्षा तनाव में छात्रा की रेल हादसे में मौत, जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

जौनपुर। जंघई क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक किशोरी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस तथा रेलवे पुलिस की टीम पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, चौकी कला गांव निवासी एक व्यक्ति की 15 वर्षीय पुत्री हाईस्कूल की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र जंघई क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में बना था। शुक्रवार सुबह वह सामाजिक विज्ञान की परीक्षा देने के लिए साइकिल से घर से निकली थी।
बताया जाता है कि जंघई रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर उसने साइकिल ट्रैक किनारे खड़ी की। उसी दौरान जौनपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक यात्री ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही मीरगंज और सराय ममरेज पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। क्षेत्र रेलवे पुलिस के अंतर्गत होने के कारण जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी वहां पहुंच गए। परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि हाल में हुई एक परीक्षा अपेक्षा के अनुरूप न होने से छात्रा मानसिक दबाव में थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में परीक्षा से जुड़ा तनाव सामने आया है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है।
अन्य पाठकों के लिए पत्रकार ए के तिवारी का संदेश : परीक्षा या किसी भी असफलता को जीवन से बड़ा नहीं समझना चाहिए। कठिन समय में परिवार, शिक्षकों या भरोसेमंद लोगों से संवाद करना जरूरी है। समय पर सहयोग और मार्गदर्शन से हर समस्या का समाधान संभव है।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment