जौनपुर : मल्हनी में सड़क दुर्घटना, दवा व्यवसायी की जान गई, परिवार में शोक

SHARE:

जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के एक दवा व्यवसायी की सड़क हादसे में मृत्यु हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना देर रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय राम प्रताप प्रजापति सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छतौरा मल्हनी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल के पास बारात सड़क किनारे खड़ी थी और वे सड़क की पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान मल्हनी की दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद वहां काफी भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। उपचार में देरी होने के कारण थोड़ी ही देर में उनकी सांसें थम गईं।
राम प्रताप प्रजापति ग्राम सधनपुर, थाना खुटहन के निवासी थे और खुटहन हॉस्पिटल रोड पर मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी संतानें विवाहित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment