जौनपुर : कोर्ट और पुलिस लाइन को उड़ाने की धमकी का खुलासा, आजमगढ़ से युवक गिरफ्तार

SHARE:

ए के तिवारी 
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में 17 फरवरी को हड़कंप मच गया, जब कोर्ट परिसर और पुलिस लाइन के मुख्य द्वार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और जांच की जिम्मेदारी एटीएस (एंटी टेरर स्क्वॉड) को सौंपी गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एटीएस ने आजमगढ़ निवासी विशाल रंजन को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने निजी रंजिश के चलते यह साजिश रची थी।
बताया जा रहा है कि विशाल की पूर्व प्रेमिका का विवाह किसी अन्य युवक से तय हो गया था। इसी बात से आहत होकर उसने लड़की के होने वाले पति को फंसाने की योजना बनाई। उसने उसी युवक के नाम से धमकी भरा ईमेल भेजा, ताकि पुलिस कार्रवाई सीधे उस पर हो।
अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का सहारा लिया, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस न की जा सके। हालांकि, साइबर जांच के जरिए एटीएस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

[ये खबर गुप्त सूत्रों के माध्यम से ली गई है]

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment