ए के तिवारी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के छात्र-छात्राओं ने सराय ख्वाजा क्षेत्र स्थित प्राचीन सूरजकुंड परिसर में ग्रामीण संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गांव की जीवनशैली, परंपराओं और स्थानीय ऐतिहासिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के साथ खुलकर संवाद किया और सूरजकुंड से जुड़ी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकमान्यताओं तथा सामाजिक परंपराओं की जानकारी एकत्र की। साथ ही उन्होंने गांव की सामाजिक संरचना, पारिवारिक व्यवस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों का अवलोकन कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनोज मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। समाज के बीच जाकर वास्तविक परिस्थितियों को समझना ही विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को शिक्षा और समाज के बीच सेतु बताया।
इस अवसर पर विभाग के कई प्राध्यापक मौजूद रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्राम प्रधान ने भी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए इस प्रयास को सकारात्मक पहल बताया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे ग्रामीण जागरूकता और शैक्षणिक विस्तार की दिशा में सार्थक कदम बताया।





