ए के तिवारी
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के सहाबड़ेपुर फीडर इलाके में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटी महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिल में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे घरों में भी मीटर लगाए जा रहे हैं, जहां पहले से बिजली कनेक्शन ही नहीं है।

<span;>प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि कनेक्शन कटने के बाद उसे दोबारा जोड़ने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगे जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिल जमा करने के बावजूद अधिक राशि दिखाई जाती है और बार-बार बिजली काट दी जाती है, जिससे गर्मी में परेशानी और बढ़ जाती है।वहीं, बिजली विभाग के सुपरिटेंडेंट मनोज गुप्ता ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और जांच के लिए टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुराने बकाया बिल जुड़ जाने से कुल राशि अधिक दिखाई देती है।उन्होंने यह भी बताया कि 13 से 19 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर लोगों को स्मार्ट मीटर और बिलिंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही यह स्पष्ट किया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर को हटाकर पोस्टपेड मीटर लगाने का फिलहाल कोई आदेश नहीं है। ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।







