

लापरवाही पड़ी भारी: स्वर्ण व्यापारी लूट और युवती गुमशुदगी मामले में दरोगा निलंबित.
चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अलीनगर थाने में तैनात दरोगा वीरेंद्र यादव को गंभीर लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई को गोधना मोड़ के पास एक स्वर्ण व्यापारी को गोली मारकर लूट की घटना को लेकर की गई जांच में दरोगा की लापरवाही सामने आई। जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले उसी दुकान में टप्पेबाजी की घटना हुई थी, जिसकी सूचना होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
इसके अलावा, दो माह पूर्व अलीनगर थाना क्षेत्र से एक युवती सुसाइड नोट छोड़कर लापता हो गई थी। आरोप है कि दरोगा ने इस मामले में भी आवश्यक कार्रवाई नहीं की और प्रकरण को लंबित रखा। बाद में पता चला कि युवती की गुमशुदगी वाले दिन ही वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में उसकी मृत्यु हो गई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि समय पर समुचित सूचना और समन्वय न होने के कारण युवती के परिजनों को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी और रामनगर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार लावारिस के रूप में कर दिया।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि जनता की शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और मामले की विस्तृत समीक्षा की जा रही है।
संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी





