

कटघर लालगंज में दो बुलेट की आमने-सामने भिड़ंत मे युवक हुए गंभीर घायल।
लालगंज (आजमगढ़) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कटघर स्थित राजेश रेस्टोरेंट के समीप रविवार को दो बुलेट मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि पीछे बैठा युवक मामूली रूप से जख्मी हुआ। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लालगंज कटघर नगर पंचायत स्थित राजेश रेस्टोरेंट के सामने दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नीली बुलेट चला रहे शनि गुप्ता (24) वर्ष पुत्र साहब गुप्ता, निवासी बिंद्रा बाजार, थाना गंभीरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ पीछे बैठे अंश गुप्ता पुत्र ओंकार गुप्ता को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद समाजसेवी विवेक सोनकर ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय सौ सैया लालगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शनि गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अंश गुप्ता का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया। दुर्घटना के बाद लाल रंग की बुलेट का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची देवगांव कोतवाली पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।





