गुजरात से युवक का शव गांव मे पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम, पत्रकारों के जिला कमेटी ने दी आर्थिक सहायता
आजमगढ़ न्यूज़ 5 अगस्त आजमगढ़ जनपद के तहसील निजामाबाद के सरायमीर थाना अंतर्गत कोरौली बुजुर्ग गांव में गुजरात प्रान्त से एक 30 वर्षीय युवक का शव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक इंद्रेश की मां मंजू देवी व बहन शव देखकर दहाड़े मार कर रोने लगी। परिजनों के विलाप से हर कोई की आंखें नम हो गई।
लोगों को विश्वास नहीं हो पा रहा था कि इंद्रेश कम समय में ही इस दुनिया को छोड़कर चला जाएगा। जबकि उसकी शादी भी तय हो गई थी। लोग शादी की तैयारी में जुटे हुए थे, लेकिन परिजनों को क्या पता कि यह शादी की तैयारी एक दिन मातम में बदल जाएगी। गांव में सन्नाटा छाया हुआ है।
शव यात्रा में काफी लोग अंतिम दर्शन करने के लिए जुटे रहे।विदित है कि तहसील निजामाबाद के सरायमीर थाना अंतर्गत कोरौली गांव निवासी इंद्रेश कुमार पुत्र विनोद कुमार उम्र लगभग 30 वर्ष परिजनों की माली हालत देखते हुए गुजरात में किसी कंपनी में नौकरी करता था।
तीन दिन पूर्व पिता विनोद कुमार को गुजरात से फोन आया कि आपके लड़के का एक्सीडेंट हो गया। इंद्रेश के पिता घबराकर किसी तरह गुजरात पहुंचे, उन्होंने घायल इंद्रेश को सिविल अस्पताल वलसाड गुजरात में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के प्रयास से गुजरात पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा कर शव को घर भेज दिया। मृतक का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता विनोद कुमार पत्रकारिता जगत से जुड़े हैं। परिजनों के अनुसार मृतक इंद्रेश की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।





