चंदौली में सड़क सुरक्षा को मिली नई ताकत, अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन हुए रवाना
चंदौली। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने मंगलवार को मझवार स्टेशन के सामने से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये इंटरसेप्टर वाहन स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती एवं हूटर जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं। इनकी सहायता से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इन वाहनों की तैनाती राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर की जाएगी। ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना (Drunk & Drive), रैश एवं स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं दक्षता के साथ किया जाए तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी | चंदौली





