जौनपुर (विशेष संवाददाता)। पारदर्शी व्यवस्था, ईमानदारी की नीति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के बुलंद इरादों के साथ उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में ‘प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी’ के पद पर चयनित 71 युवाओं के सपनों को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित एक भव्य समारोह में पंख मिले। इस अवसर पर जनपद की प्रमुख हस्तियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नवनियुक्त अभ्यर्थियों को चयन पत्र सौंपे गए।

समारोह के दौरान लखनऊ से आयोजित माननीय मुख्यमंत्री जी के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया और उनके ओजस्वी उद्बोधन को सुना गया। नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही नवनियुक्त कृषि कर्मियों के चेहरे खुशी और गर्व से खिल उठे।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति ने चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में नौकरियों की निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था कायम हुई है। उन्होंने कर्मियों से सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का आह्वान किया। वहीं भाजपा नेता डॉ. अजय सिंह ने सभी को बधाई देते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से सेवा करने का मूलमंत्र दिया और कहा कि किसानों की खुशहाली ही देश की उन्नति का असली आधार है।

प्रशासनिक मोर्चे पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान हित से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं ने संकल्प लिया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के उत्थान में अपना शत-प्रतिशत योगदान देंगे।





