SP आकाश पटेल ने किया बलुआ थाने का आकस्मिक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक जनपद चन्दौली श्री आकाश पटेल ने मंगलवार, 01 सितंबर 2026 को कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा जनसुनवाई को त्वरित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना बलुआ का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, मालखाना, हवालात, मेस एवं बैरक की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी और सभी अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति केन्द्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को शिकायतों का फीडबैक लेने तथा पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समय से निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मालखाने में निस्तारित मुकदमों से संबंधित माल के वैधानिक निस्तारण की कार्रवाई तेज करने को कहा।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ शालीन, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी गई।
यक्ष ऐप के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ‘यक्ष ऐप’ (YAKSH App) के शत-प्रतिशत एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बीट पुलिसकर्मियों, हल्का प्रभारियों एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि थाना क्षेत्र के सभी बीटों के गांवों एवं मोहल्लों, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों तथा सीसीटीवी कैमरों की सटीक जियो-टैगिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही अपराधियों का भौतिक सत्यापन भी तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था, जनसुनवाई, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी





