बरदह, आजमगढ़ : जिवली पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, विनोद राय की स्वर्गवासी मां को दी श्रद्धांजलि

SHARE:

ए के तिवारी चौकी

बरदह/आजमगढ़। भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की स्वर्गवासी मां जमुरता देवी को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बरदह क्षेत्र के जिवली स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमुरता देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने विनोद राय और शोकाकुल परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

जमुरता देवी का निधन 2 सितंबर 2026 को हुआ था। उनके निधन के बाद से जिवली स्थित आवास पर क्षेत्रीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

मुख्यमंत्री करीब 3:44 बजे हेलीपैड पर पहुंचे और वहां से सीधे विनोद राय के आवास गए। करीब 24 मिनट तक परिवार के बीच रहने के बाद 4:08 बजे वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान बिलास राय पसीका, दीपक राय (भाजपा कार्यकर्ता, चौकी), प्रांजल राय, पंकज राय अहिरौली सहित बरदह क्षेत्र के तमाम स्थानीय लोग और शुभचिंतक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिवली दौरा पूरी तरह शोक-संवेदना से जुड़ा रहा। उन्होंने विनोद राय के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment