महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंज उठा बनवा महादेव शिवालय
बरदह, आजमगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। बनवा महादेव मंदिर, बरदह चौराहा स्थित शिव मंदिर, ब्रह्म स्थान मंदिर, खाखी बाबा कुटी चौकी-कुंभ तथा ठेकमा बाजार के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। सुबह होते ही महिलाएं, पुरुष और युवा भक्त जलाभिषेक के लिए मंदिरों की ओर उमड़ पड़े। बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने जा रहे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं भी सफलता की कामना लेकर भगवान भोलेनाथ के चरणों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शिवालयों में शिव-पार्वती विवाह के मंगलमय भक्ति गीत पूरे दिन गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक बना रहा। महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व आयोजित विशाल भंडारे में आसपास के सैकड़ों ग्राम के भक्तजन ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं महाशिवरात्रि के मेले में लगभग नब्बे-पंचानवे गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन कर क्षेत्र को आस्था और उत्साह से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जहां महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात रहे तथा श्रद्धालुओं की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करते दिखे। अमित तिवारी चौकी, राजेश तिवारी, देवेश राय, विकास राय, राजेश राय, अजीत राय, प्रांजल राय, राकेश मोदनवाल, अटल राय और संजय मोदनवाल सहित अनेक भक्तों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर हर वर्ष मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ती है और सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं। महाशिवरात्रि का यह दिव्य पर्व एक बार फिर पूरे क्षेत्र को आस्था, उल्लास और भक्तिरस से सराबोर कर गया, जहां देर रात तक गूंजता रहा एक ही जयघोष—हर-हर महादेव!





