ए के तिवारी
जौनपुर। पुलिस लाइन का एसएसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर
जौनपुर। जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए संचालित कैंटीन, जलपान गृह, यातायात शाखा, विभिन्न कार्यालयों तथा बैरकों की साफ-सफाई और सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यप्रणाली पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए। परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण को लेकर पुलिस महकमे में सतर्कता और सक्रियता का माहौल देखा गया।





