श्रद्धा, संस्कृति और संकल्प का संगम : टीडी कॉलेज में गरिमामय वातावरण में मनाया गया संस्थापक दिवस

SHARE:

ए के तिवारी 
जौनपुर। जनपद के शिक्षा जगत का गौरव कहे जाने वाले तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संस्थापक ठाकुर तिलकधारी सिंह की 154वीं जयंती को संस्थापक दिवस के रूप में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरा महाविद्यालय परिसर इस अवसर पर गौरव और संस्कार के भाव से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रोफेसर वंदना सिंह (कुलपति, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय) तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर राजेश सिंह (पूर्व कुलपति, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय) ने संस्थापक को नमन करते हुए समारोह की औपचारिक शुरुआत की। प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह के प्रारंभिक चरण में छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कुलगीत एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राम आसरे सिंह ने महाविद्यालय की ऐतिहासिक परंपरा, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सामूहिक समन्वय की भावना को रेखांकित करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका “मंथन” का लोकार्पण किया गया। शिक्षक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर अजय कुमार दुबे ने वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ विनोद कुमार सिंह ने टी डी कॉलेज की नकल-विहीन परीक्षा संस्कृति की सराहना की।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ठाकुर तिलकधारी सिंह ने सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा की जो मशाल जलाई, वह आज प्रदेशभर में प्रकाश फैला रही है। नई शिक्षा नीति के युग में टी डी कॉलेज के विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए वैश्विक पहचान बना रहे हैं। अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर राजेश सिंह ने कहा कि यह संस्थान अपने संस्थापक के सपनों को पूर्ण निष्ठा के साथ साकार कर रहा है। प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी समृद्ध करना है। कार्यक्रम के दौरान अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्राध्यापकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर प्रकाश सिंह एवं संस्थापक परिवार के सदस्य श्रीप्रकाश सिंह ने महाविद्यालय की गौरवशाली यात्रा और विकास पथ पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर राहुल सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन महाविद्यालय के प्रबंधक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।प्रबंध समिति के सदस्य, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं, पूर्व छात्र एवं जनपद के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment