जौनपुर : टीडी कॉलेज में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर। तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऐतिहासिक बलरामपुर सभागार में “अणु से पारिस्थितिकी तंत्र तक: सतत संसाधन प्रबंधन के माध्यम से वैश्विक सुरक्षा” विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रातः स्मरणीय ठाकुर तिलकधारी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और कुलगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। मुख्य अतिथि प्रो. संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में संसाधनों का संतुलित उपयोग और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए वैश्विक स्तर पर गंभीर चिंतन आवश्यक है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह, संगोष्ठी के समन्वयक प्रो. एस. के. वर्मा तथा विज्ञान, मानविकी और कृषि संकाय के प्रतिनिधियों सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सह-संयोजक और आयोजन सचिवों ने आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया।
संगोष्ठी के विभिन्न तकनीकी सत्रों में देश-विदेश के शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। तीन दिवसीय यह संगोष्ठी 14 मार्च को संपन्न होगी। कार्यक्रम के अंत में प्रबंध समिति सदस्य डॉ. राजवीर सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment