सब्जी की दुकान की ओर बढ़ा फन उठाए सांप, दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, वीडियो वायरल

SHARE:

सब्जी की दुकान की ओर बढ़ा फन उठाए सांप, दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, वीडियो वायरल

बरदह। थाना क्षेत्र के एचपी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक काला सांप अचानक सड़क की पटरी पार कर दुकानों की ओर बढ़ने लगा। सांप को फन उठाकर आगे बढ़ते देख आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप के बगल में सर्वेश गौंड की सब्जी की दुकान है। दोपहर करीब दो बजे एक बड़ा काला सांप दुकान के सामने पहुंच गया और फन उठाकर इधर-उधर बढ़ने लगा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। वीडियो में दुकानदारों को सांप को दुकान की ओर आने से रोकते हुए साफ देखा जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांप कुछ देर तक वहीं फन उठाकर खड़ा रहा और दुकानदारों की ओर बढ़ने की कोशिश भी की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसी बीच सर्वेश गौंड ने साहस दिखाते हुए पास में रखा प्लास्टिक का कैरेट फेंककर उसे दूसरी दिशा में हटाने का प्रयास किया।
दुकानदारों की सतर्कता के चलते सांप पास में मौजूद एक दरार की ओर चला गया और उसमें घुस गया। संभावित खतरे को देखते हुए दुकानदारों ने तुरंत उस दरार को मिट्टी डालकर बंद कर दिया, ताकि सांप दोबारा बाहर निकलकर किसी को नुकसान न पहुंचा सके। घटना के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदारों की समझदारी और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment