पूविवि जौनपुर : “साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम से जुड़ा संदेश, एनएसएस शिविर बना जागरूकता का मंच”

SHARE:

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सात दिवसीय शिविर के छठे दिन विशेषज्ञों ने युवाओं को दी सुरक्षा, संतुलन और देशभक्ति की सीख

ए के तिवारी 
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन युवाओं के लिए जागरूकता, सुरक्षा और राष्ट्रप्रेम से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान साइबर अपराध से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य और शहीद दिवस के महत्व पर विशेष व्याख्यान हुए।
प्रथम सत्र में साइबर क्लब के नोडल अधिकारी एवं जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सतर्कताओं से बड़े ऑनलाइन अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए और ‘संचार साथी’ मोबाइल ऐप के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी।
दूसरे सत्र में वेलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी एवं अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान विभाग की डॉ. अन्नू त्यागी ने ‘युवा और मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को भावनात्मक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके बाद आयोजित सत्र में प्रो. हरिओम त्रिपाठी और डॉ. ममता सिंह ने शहीद दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान हमें कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित बनने की प्रेरणा देता है। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने भाषण, नाटक और विचार प्रस्तुत कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, जिससे वातावरण भावुक और प्रेरणादायक बन गया। दोपहर बाद स्वयंसेवकों ने पदयात्रा निकालकर समाज में राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संदेश भी फैलाया।

 


इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव एवं डॉ. अनुराग मिश्र सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment