

मुख्यमंत्री ने 955 करोड़ से अधिक की लागत से 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास कर आजमगढ़ वासियों को दिया सौगात
*सीएम ने की घोषणा: महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में उनकी भव्य अश्वारोही प्रतिमा लगेगी, प्रशासन पुरानी जेल को अच्छे कन्वेंशन सेंटर या अच्छे केंद्र के रूप में बढ़ाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करें*
*बेटी, बेटी होती है और हर बेटी का सम्मान होना चाहिए, उसके खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है- मुख्यमंत्री*
*आजमगढ़ फोरलेन कनेक्टिविटी और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ चुका है, यहां की ब्लैक पॉटरी को ओडीओपी के माध्यम से नई पहचान मिली है- योगी आदित्यनाथ*
*हरिहरपुर का संगीत घराना भी हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को पुनः प्रतिष्ठित करने और उसे एक नया मंच देने का कार्य कर रहा है- मुख्यमंत्री*
*आज आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर भव्य विश्वविद्यालय है, आप कहीं भी जाएंगे महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर आपकी पहचान होगी और गौरव की अनुभूति होगी- सीएम*
*विपरीत मौसम में उमड़ी भीड़ को देख बोले योगी- सेना अडिग है तो सेनापति भी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा*
आजमगढ़, 13 जून 2026/
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद आजमगढ़ भ्रमण कार्यक्रम के दौरान महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में रू0 955 करोड़ से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास, वृक्षारोपण, प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन कर विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। मा0 मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मॉ के नाम अभियान के अन्तर्गत हरिशंकरी का वृक्षारोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरणीय संचेतना का संदेश दिया।
सीएम योगी ने आजमगढ़ में 955 करोड़ से अधिक की लागत से 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम ने घोषणा किया कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में उनकी भव्य अश्वारोही प्रतिमा लगेगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन से कहा कि पुरानी जेल को अच्छे कन्वेंशन सेंटर या अच्छे केंद्र के रूप में बढ़ाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करें।
बार-बार वोट पाने वाले भी आपके हितैषी नहींः-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। ऋषि-मुनियों की साधना से पवित्र यह धरती साहित्यिक साधना का केंद्र बिंदु रही है। आजादी के आंदोलन में भाग लेकर देश को स्वतंत्र कराने का जज्बा इस जनपद में रहा है। उन्होंने कहा कि जिस जनपद में हस्तशिल्प, कारीगर, किसान, ऊर्जावान युवा हैं तो वह जनपद पहचान के लिए क्यों मोहताज हुआ। यह प्रश्न/पीड़ा लेकर मैं बार-बार आजमगढ़ आता हूं, जिन्होंने हमें बांटा और विभाजित किया, वे लगातार आपका समर्थन पाते थे, लेकिन आपके हितैषी नहीं थे।
2017 के पहले पहचान को मोहताज था आजमगढ़, आज सब सम्मान से कर रहे जीवनयापनः
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले आजमगढ़ पहचान के लिए मोहताज था। तब यहां विश्वविद्यालय, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय नहीं था। एयरपोर्ट भी ठीक ढंग से काम नहीं कर पा रहा था। आजमगढ़ की साड़ी और मुबारकपुर के ब्लैक पॉटरी को भी मंच नहीं मिल पा रहा था। सीएम ने कहा कि अभी प्रदर्शनी में सभी ने अपने नई कहानी सुनाई। ब्लैक पॉटरी और साड़ी से जुड़े कारीगरों ने कहा कि जबसे यूपी में डबल इंजन की भाजपा सरकार आई है, तबसे हमारा कारोबार कई गुना बढ़ा है। हम भी पैसा कमा रहे हैं, परिवार और हमसे जुड़े लोग भी सम्मान का जीवनयापन कर रहे हैं।
2014 के पहले भ्रष्टाचार के नाम पर होती थी भारत की पहचान:
सीएम ने कहा कि नया भारत दुनिया को लोहा मनवा रहा है, जबकि 2014 के पहले के भारत की पहचान भ्रष्टाचार के नाम पर होती थी, दुनिया में सम्मान नहीं था। लोग देश की सुरक्षा में सेंध लगाते थे, सरकार मौन रहती थी तो दुश्मन आंख दिखाता था। नक्सलवाद था, गरीब की सुनवाई नहीं थी लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी पीढ़ी नए भारत का दर्शन कर रही है।
महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांताओं को नाके चने चबाने को मजबूर कर दिया था:
सीएम ने कहा कि राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं को नाको चने चबाने को मजबूर कर दिया था, जिससे डर के मारे आक्रांता भारत की धरती पर नहीं आते थे, लेकिन जब हम जाति, क्षेत्र, भाषा व परिवारवाद के नाम पर बंटने लग गए तो मोहम्मद गोरी का हमला हुआ। महाराजा पृथ्वीराज चौहान ने उस कायर आक्रांता को 17 बार परास्त किया, वह हर बार माफी मांगता था। एक बार चूक हुई तो धोखे से उसने पृथ्वीराज चौहान को बंधक बना दिया, फिर जो व्यवहार किया, वह सबके सामने है।
विश्वविद्यालय में महाराज सुहेलदेव की लगेगी अश्वारोही प्रतिमा:
सीएम ने चेताया कि हम वह गलती बार-बार करते थे, जिसका परिमार्जन महाराज सुहेलदेव ने 1000 वर्ष पहले किया था, लेकिन उसके बाद की पीढ़ी उनसे प्रेरणा नहीं ले पाई। बहराइच में आक्रांता सालार मसूद, गाजी मियां के नाम पर आयोजन होता था, लेकिन हमने कहा कि किसी विदेशी आक्रांता को सम्मान नहीं मिलना चाहिए। आयोजन महाराजा सुहेलदेव के नाम पर होना चाहिए। नया भारत गुलामी के किसी भी प्रतीक को स्वीकार नहीं करेगा। अब बहराइच में महाराजा का भव्य स्मारक बन गया है। जब आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की बात आई तो मैंने कहा कि यह जरूर बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय बने तो अतिउत्तम होगा। मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम ने कहा कि विश्वविद्यालय में उनकी भव्य अश्वारोही प्रतिमा भी लगेगी।
जितनी तेज गति, उतनी तेज प्रगति
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में आज एयरपोर्ट, पूर्वांचल एक्सप्रेस है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज कहीं भी जाना हो फोरलेन की कनेक्टिविटी है। आज आजमगढ़ से एक घंटे में गोरखपुर, डेढ़ से दो घंटे में वाराणसी, ढाई घंटे में लखनऊ पहुंचते हैं। प्रगति का आधार गति होती है, जितनी तेज गति, उतनी तेज प्रगति। स्पीड के बिना विकास नहीं हो पाएगा। आजमगढ़ के ब्लैक पॉटरी व वाराणसी की साड़ी को एक जनपद-एक उत्पाद के माध्यम से मंच मिला है।
हरिहरपुर का संगीत घराना शास्त्रीय संगीत की परंपरा को मंच प्रदान कर रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिहरपुर का संगीत घराना शास्त्रीय संगीत की परंपरा को फिर से मंच प्रदान कर रहा है। निरहुआ जैसे कलाकार भी भोजपुरी की मिठास को दुनिया में पहुंचा रहे हैं। सीएम ने कहा कि इस धरा पर वीर कुंवर सिंह ने 1857 में अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए थे। यह साहित्यकार अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध की धरती है।
हर गलत काम के लिए क्यों बदनाम किया जाता था आजमगढ़
सीएम ने पूछा कि हर आतंकी घटना में क्यों संजरपुर का नाम आता था। हर गलत काम के लिए आजमगढ़ को क्यों बदनाम किया जाता था, क्योंकि तब सरकार नकारात्मक सोच रखती थी, स्वार्थ के लिए युवाओं का दुरुपयोग करती थी। गरीब के लिए स्वास्थ्य, आवास, शौचालय, राशन की सुविधा भी नहीं थी। युवाओं की नौकरी को लेकर सौदेबाजी होती थी। बेटी के लिए कोई योजना, सुरक्षा, पढ़ाई, शादी के लिए सरकार की कोई स्कीम नहीं थी। निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को महज 300 रुपये पेंशन थी। वह भी छह महीने में एक बार आती थी और उसमें आधा पैसा कमीशनखोरी में चला जाता था।
आज सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई के लिए व्यवस्था की है। जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने का कि बेटी-बेटी होती है और हर बेटी का सम्मान होना चाहिए, हम उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी-बहन, सबकी बेटी-बहन।
हर विभाग नया कार्य कर विकास से जोड़ रहा
सीएम ने कहा कि श्रम विभाग गरीब बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय भी बना रहा है और उनके उन्नयन के लिए नई स्कीम लाकर कार्य भी कर रहा है। हर विभाग नया कार्य करके विकास के साथ जोड़ रहा है। 2014 व 2017 से पहले इच्छाशक्ति न होने के कारण एक्सप्रेसवे, विश्वविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, नौजवानों को नौकरी, अच्छी कनेक्टिविटी नहीं थीं। आज हम हर बेटी-व्यापारी को सुरक्षा, शासन की योजना का लाभ देंगे लेकिन यदि किसी ने गरीब की जमीन को हड़पा, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाया और व्यापारी से जबर्दस्ती की तो हम उसकी गारंटी नहीं ले पाएंगे।
भारतवासियों को मोदी जी के नेतृत्व पर होती है गौरव की अनुभूति
सीएम ने अपील किया कि नए भारत के साथ नए उत्तर प्रदेश को भी आगे बढ़ना होगा। दुनिया त्रस्त है, लेकिन नए भारत ने वैश्विक संकट में भी ऊर्जा संकट से देश को बचाया है। भारत के लोगों को मोदी जी पर गौरव की अनुभूति होती है। एनडीए ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और पीएम मोदी के निर्वाचित पीएम के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरे होने पर दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम रखा था, इसमें देश भर से लोग आए थे। सभी ने अपने यहां की नई कहानी भी सुनाई। नया भारत सिर उठाकर चलता है और मांद में घुसकर दुश्मन को ठिकाने लगाता है।
कांग्रेस व सपा व्यवस्था के लिए बोझा, इन्हें सिर पर न ढोएं
सीएम ने कहा कि महाराज सुहेलदेव होते तो अयोध्या मे राम मंदिर कभी नहीं टूटता, वे नहीं थे और हम विभाजित थे तो मंदिर टूटा। हम संघर्ष करते रहे, पीढ़ी दर पीढ़ी, वर्ष दर वर्ष बदलते रहे लेकिन मोदी जी के आने के बाद डबल इंजन सरकार ने 500 वर्ष की समस्या का समाधान किया और राम मंदिर का निर्माण हुआ। सीएम ने कहा कि आजाद भारत में तत्काल राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए, लेकिन यह काम कांग्रेस नहीं कर पाई। सपा भी यह काम नहीं कर पाती। सीएम ने आजमगढ़वासियों से कहा कि यदि यह लोग आस्था, पूर्वजों, देवी-देवताओं का सम्मान नहीं कर सकते, गरीब कल्याण, विकास, आस्था, युवाओं को नौकरी नहीं दे सकते तो इस बोझे को क्यों ढोते हैं।
हमने आजमगढ़ को विकास से वंचित नहीं होने दिया
सीएम ने कहा कि वर्तमान को सुधारने के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए डबल इंजन सरकार के साथ आइए। यहां 10 विधानसभा व दो लोकसभा है, भाजपा से कोई भी नहीं जीता, फिर भी हमने विकास किया, इस उम्मीद के साथ अगली बार निरहुआ जीतेंगे। वे यहां फिल्मों की शूटिंग कर और हरिहरपुर के साथ जुड़कर नवोदित कलाकारों को भी आगे बढ़ाएं।
सीएम ने जताया आभार, सेना अडिग है तो सेनापति भी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा
सीएम ने कहा कि हरिहरपुर, ब्लैक पॉटरी, साड़ियों, किसानों, नौजवानों को मंच मिलना चाहिए। आज केवल दो विधानसभा में विकास योजनाओं के लिए आए हैं, आजमगढ़ को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए बार-बार आएंगे। विपरीत मौसम में भी उमड़ी भीड़ के धैये के लिए सीएम ने आभार जताया। सीएम ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब तक मैं हूं, टेंट नहीं उड़ेगा। यदि सेना अडिग है तो सेनापति भी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, विक्रांत सिंह ‘ऋशु’, पूर्व सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, पूर्व सांसद संतोष सिंह, नीलम सोनकर, संगीता आजाद, पूर्व विधायक वंदना सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, आजमगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह, लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ0 प्रियंका मौर्या सहित मण्डलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, डीएफओ आकांक्षा जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन आदि की मौजूदगी रही।




