

*योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ शरीर से ही बनेगा स्वस्थ समाज : एसडीएम अविनाश कुमार गौतम*
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मार्टिनगंज तहसील सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
मार्टिनगंज, आजमगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह 7 बजे मार्टिनगंज तहसील सभागार में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुमार गौतम ने किया। इस दौरान तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।एसडीएम अविनाश कुमार गौतम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य निकालना चाहिए। योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी स्वस्थ एवं संतुलित रखता है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति अधिक ऊर्जा और दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। इसलिए विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। योग बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और निरोग जीवन की कुंजी है।
कार्यक्रम में तहसीलदार अंजू यादव, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, पटल सहायक सहित तहसील के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।





