उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में एक दिन पहले हुई आत्महत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 52 वर्षीय डिग्री कॉलेज कर्मचारी देवदत्त शर्मा ने शनिवार शाम अपने घर में तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पत्नी सीमा रानी मौके पर पहुंचीं तो वह खून से लथपथ पड़े थे। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से पहले देवदत्त शर्मा ने अपनी भांजी को व्हाट्सएप पर एक भावुक संदेश भेजा था। संदेश में उन्होंने लिखा कि लगातार मिल रहे अपमान को अब वह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि बार-बार मानसिक रूप से मरने से बेहतर है कि एक ही बार मौत को गले लगा लिया जाए। साथ ही उन्होंने खुद को कायर नहीं बताते हुए कहा कि अपमान ने उनकी आत्मा को भीतर तक तोड़ दिया है।
अपने आखिरी संदेश में उन्होंने अंतिम संस्कार को लेकर भी कई इच्छाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा कि उनकी पत्नी सीमा रानी को उनके शव को न छूने दिया जाए। इसके अलावा अंतिम संस्कार में उपलों का इस्तेमाल न करने, किसी तरह का धार्मिक कार्यक्रम न कराने और फिजूल खर्च से बचने की बात भी लिखी। उन्होंने अपनी भांजी से उसकी मां का ख्याल रखने की अपील भी की।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। मोबाइल में मिले व्हाट्सएप संदेश समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।





