कांवड़ यात्रा में मातम: बाइक की टक्कर से 17 वर्षीय संदीप की मौत, साथी राकेश गंभीर #AzamgarhNews 

SHARE:

लालगंज (आजमगढ़)। सावन में कांवड़ लेकर जल लेने निकले युवकों की टोली को उस वक्त बड़ा हादसा झेलना पड़ा, जब वाराणसी जिले में एक तेज रफ्तार बाइक ने दो कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय संदीप गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी राकेश गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है। घटना की खबर मिलते ही आजमगढ़ के परसौरा गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव से करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ लेकर जल लेने निकले थे। जल लेकर सभी युवक वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब पौने एक बजे वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में कैथी टोल प्लाजा के पास अचानक एक बाइक सवार ने संदीप गुप्ता और राकेश की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे कांवड़ियों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर चितई पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश पुत्र सहंगी का इलाज जारी है।

संदीप की मौत की सूचना मिलते ही परसौरा गांव में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में वाराणसी में संदीप के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने खुशियों और आस्था के बीच एक परिवार को गहरे सदमे में पहुंचा दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गम और आक्रोश दोनों का माहौल है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment