आजमगढ़ में गूंजी ‘कृमि मुक्त बचपन’ की मुहिम, डीएम ने छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली #AzamgarhNews

SHARE:

22 विकासखंडों में 23.19 लाख बच्चों तक पहुंचेगी कृमिनाशक दवा, 14 अगस्त को होगा मॉप-अप अभियान

 

आजमगढ़। संवाददाता अतीक अहमद । बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में आजमगढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का आगाज हो गया। सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने मार्चपास्ट और सलामी देकर जिलाधिकारी का स्वागत किया, जबकि छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

अभियान के शुभारंभ पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। कृमि संक्रमण शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित कर सकता है, जिससे बच्चों में कमजोरी और एनीमिया जैसी समस्याएं पैदा होने के साथ उनके शारीरिक व मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ अभियान चलाने और एक भी पात्र बच्चे के दवा से छूटने की गुंजाइश न रखने के निर्देश दिए।

 

23,19,973 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के मुताबिक जिले के सभी 22 विकासखंडों में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 23,19,973 बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है।

अभियान में 4,280 आशा कार्यकत्रियों, 5,588 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 3,079 राजकीय विद्यालयों और 3,054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। विभाग का लक्ष्य सिर्फ दवा खिलाना ही नहीं, बल्कि बच्चों में कृमि संक्रमण को नियंत्रित कर उनके पोषण, स्वास्थ्य और विकास में सुधार लाना है।

 

10 अगस्त को दवा, छूटे बच्चों को 14 अगस्त को मिलेगा मौका

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 10 अगस्त को विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जा रही है। किसी कारण से जो बच्चे अभियान के दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अभियान में सहयोग करें और अपने पात्र बच्चों को निर्धारित दवा अवश्य दिलाएं, ताकि कोई बच्चा कृमि संक्रमण के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का शिकार न हो।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अब्दुल अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेंद कुमार, डॉ. मोहनलाल, डिप्टी सीएमओ एवं एनडीडी नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रधानाचार्या रूबी खातून, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, एनीमिया मुक्त भारत के रीजनल कोऑर्डिनेटर चंद्रजीत सिंह, एबीएसए, सीडीपीओ, जिला समन्वयक एनडीडी प्रदीप मिश्रा समेत स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत एनडीडी नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश झा ने किया।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment